अनुनाद

‘घर का जोगी जोगड़ा’ के संबंध में काशीनाथ सिंह से खुशी कुमारी की बातचीत

 

यह साक्षात्कार डॉ. काशीनाथ सिंह के साथ हुए उस गहन संवाद पर आधारित है, जो हिंदी आलोचना के स्तम्‍भ डॉ. नामवर सिंह के व्यक्तित्व और काशी जी की संस्मरणात्मक कृति ‘घर का जोगी जोगड़ा’ के अंतर्संबंधों को व्याख्यायित करता है।

खुशी : सर, आपका स्वास्थ्य कैसा है?

काशीनाथ सिंह : स्वास्थ्य तो ठीक नहीं बेटा। स्वास्थ्य पूछ रहे हो न… 90 के करीब जा रहा हूँ और प्रायः अब समय नहीं देता। लेकिन अब चले आए तुम लोग, तो हमें लगा कि कुछ ख़ास लोग होंगे, तभी आए होंगे हिम्मत करके आए होंगे।

खुशी : जी सर, बहुत हिम्मत करके आई हूँ।

काशीनाथ सिंह : तो इस दोपहरिया में दो संकट हैं। एक तो मैं समाचार सुन रहा हूँ, चुनाव हो रहा है…  और दूसरा दोपहर का क़हर… तो स्वास्थ्य जो है वो अपनी जगह है तुम अपनी जगह रहो।

खुशी : माफ़ी चाहूंगी सर… 

काशीनाथ सिंह : बोलो

खुशी : ‘घर का जोगी जोगड़ा’ जो पुस्तक है, उसको लिखने की मूल प्रेरणा क्या थी?

काशीनाथ सिंह : कुछ नहीं, प्रेरणा जैसा तो कुछ नहीं था। भैया 60 साल पूरा कर रहे थे और JNU से रिटायर होने वाले थे। तो रिटायरमेंट के बाद… योजना तो थी कि जब 60 पूरा कर लें तब ये आयोजन हो। तो 60 तो पूरा कर लिया था उन्होंने, लेकिन 1988 में जाकर आयोजन हो पाया। क्योंकि एक पत्रिका निकलने वाली थी और वो पत्रिका थी ‘पहल’, जिसके संपादक ज्ञानरंजन और कमला प्रसाद थे। तो वो नामवर सिंह पर विशेषांक निकाल रहे थे। प्रेरणा के पीछे हरिशंकर परसाई थे, परसाई जी ने कहा था कि इस वक़्त पर निकालो, नामवर पर कोई अंक। योजना उन्होंने बनाई थी। पत्रिका निकलने वाली थी 60 हो जाने पर, लेकिन देर हुई। आयोजन तो हो गया बनारस में और उतना भव्य आयोजन आज तक हुआ नहीं था बनारस में। लगभग 80 से 100 के बीच आए हुए थे लोग, लेखक अपने ख़र्चे पर। मुझे नहीं देना था… यानी प्रगतिशील लेखक संघ को नहीं देना था, आयोजन तो प्रगतिशील लेखक संघ की तरफ़ से था, लेकिन अपने ख़र्चे पर आए हुए थे लोग। मुझे जो ख़र्चा देना था, उनमें त्रिलोचन शास्त्री थे, जो सागर से आए थे और बाबा नागार्जुन। और बाक़ी भगवत रावत थे, राजेश जोशी थे… केदारनाथ सिंह तो खै़र घर के थे। बाक़ी मध्य प्रदेश के ढेर सारे लोग थे। यानी कोई ऐसा लेखक बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश का नहीं था, जो नहीं पहुँचा था। वो तीन दिन का आयोजन था। तो उस अवसर पर ज्ञानरंजन ने मुझसे वादा किया था कि “अगर तुम लिखो नामवर सिंह पर, तब तो मैं अंक निकालूँगा और अगर नहीं लिखा तो नहीं निकालूँगा।” प्रेरणा मात्र ये थी कि ज्ञानरंजन के लिए, उनके वादे को पूरा करने के लिए मैंने… पंक्ति तो मुक्तिबोध की है। कौन सी पंक्ति है? मै भूल रहा हूँ। एक चैप्टर है न घर का जोगी जोगड़ा में कौन–कौन सी है याद है? एक तो था घर का जोगी जोगड़ा और एक है…

खुशी : जी हाँ, गरबीली ग़रीबी वह।

काशीनाथ सिंह : हाँ, ‘गरबीली ग़रीबी वह’, तो उनका था ‘गरबीली ग़रीबी यह’। मुक्तिबोध का जो अपना वाक्य था वह ‘गरबीली ग़रीबी यह’ उसे मैंने किया था ‘गरबीली ग़रीबी वह’। क्योंकि उस समय तक हम भी अध्यापक हो गए थे, वह अध्यापक थे तो ग़रीबी वैसी रही नहीं, जैसी थी। पहले हमारे यहाँ धान, जौ और बाजरा छोड़ के कुछ नहीं होता था। दाल ख़रीदनी पड़ती थी। और कुछ खाना है तो ख़रीदना पड़ता था और जब आए थे हम लोग, तो सरस्वती… गोदौलिया बदल गया है बहुत ज़्यादा। अब काशी में देख के उस बनारस की, यह बनारस को देखने के लिए जो आते थे, आज  बनारस आप लोगों ने नहीं देखा है? देखते भी तो अब देख ही नहीं पाएँगे। बनारस अब वैसा रहा भी नहीं। तो गोदौलिया पर सरस्वती प्रेस की बड़ी बिल्डिंग थी। शिवरानी देवी भी उसमें रहती थीं। हाँ। जगत शंखधर थे कंपोजिटर। उसी बिल्डिंग में मान लो यह सड़क है न, तो यह बड़ा सा हाता था सरस्वती प्रेस का और उसमें एक कमरे में हम और नामवर सिंह दोनों भाई रहते थे, मैं इंटरमीडिएट में एडमिशन लेने के लिए आया था। कमच्छा पर जाता था मैं। तो उस समय कोशिश कर रहा था कि एडमिशन हो जाए। कमच्छा बीएचयू से संबंधित पीयूसी था, प्री-यूनिवर्सिटी कोर्स होता था उस समय। दोनों भाई रहते थे उस कमरे में और सड़क के उस पार साइकिल… रिक्शा स्टैंड था। वहॉं रिक्शा स्टैंड वालों और इक्‍के वालों के लिए एक होटल था, रिक्शा वालों ने ही चलाया था। तो दोपहर का खाना उसी रिक्शा वाले होटल से अपने लिए और नामवर सिंह को भी तनख़्वाह तब तक नहीं मिलती थी, अपॉइंटमेंट नहीं हुआ था। अपॉइंटमेंट होना था अभी उनका। अभी काशी विद्यापीठ से ₹100 की फेलोशिप मिलती थी, उसी पर चलते थे। तो दोनों भाई प्रायः सतुआ और उसमें गुड़ का ज़िक्र है।

खुशी : हाँ-हाँ ज़‍िक्र है। 

काशीनाथ सिंह : सतुआ तो बिहार की ख़ास चीज़ है। आरा में स्टेशन से आते हुए सुना मैंने कि कॉफ़ी लो, कॉफ़ी लो, लोग बेच रहे थे सब। मैंने सोचा कॉफ़ी होगी, तो हमने कहा कि एक कॉफ़ी दो। देखा तो गिलास में सत्तू था। तो उसी सतुआ को ‘कॉफ़ी’ कह कर के बेच रहे थे। सत्तू खाने के दो नियम थे। एक सतुआन त्योहार होता है, मालूम है?

खुशी : हाँ, हमारे इधर मनाया जाता है।

काशीनाथ सिंह : हाँ, तो सतुआन मनाया जाता है हमारे गाँव की तरफ़ बड़े धूमधाम के साथ और उस दिन केवल सतुआ खाते थे। सतुआ खाने का एक तरीक़ा था कि गुड़ के साथ खाते थे और एक था कि नमक, जीरा वगैरह मिला करके खाते थे। तुम बिहार की ही हो क्या?

खुशी : जी, कटिहार।

काशीनाथ सिंह : कटिहार, हां.. कटिहार में हमारे एक शिष्य हुआ करते थे, जो प्रिंसिपल थे किसी कॉलेज के, संजय कुमार सिंह। अब रिटायर कर गए हैं। हाँ, तो सतुआ रखते थे दोपहर में खाने के लिए हम लोग, या रात को खाने के लिए। और दोपहर में उसी रिक्शे वाले स्टैंड का जो होटल था, उससे एक थाली उनके लिए और एक थाली हमारे लिए। जिसमें दो रोटी, चावल, एक सब्ज़ी, एक प्याज़ नमक के साथ देता था खाने के लिए। खाते थे हम लोग, हम दोनों भैया, मैं अपनी थाली और वह अपनी थाली। तो हम तो गाँव पर रहते थे, पहलवानी करते थे उन दिनों, कुश्ती-उश्ती लड़ते थे। तो दो रोटी से अपना काम कैसे चले? तो भैया से बताते नहीं थे। खाते थे दो रोटी तो खा लेते थे उनके साथ, बाक़ी जब किसी काम से चले जाते थे किराये का मकान ढूँढने के लिए, तब हम सतुआ खाते थे। हाँ। तो सवाल तुम्हारा क्या था, क्या मैंने कहा, याद दिलाओ।

खुशी : हाँ, मूल प्रेरणा मैं पूछ रही था आपसे, तो वह समझ आ गया मुझे। अब आगे है कि इसी कृति का शीर्षक जो है ‘घर का जोगी जोगड़ा’ आपने किस विशेष भाव या अनुभव के आधार पर चुना था? आपके अंदर वह कौन से भाव तभी जागृत हुए थे या आपको क्या लग रहा था कि इस पूरी कृति में आपने जितनी भी चीज़ें डाली हैं नामवर जी के बारे में वे तमाम चीज़ें, वह एक अनुभव विशेष था या भाव विशेष?

काशीनाथ सिंह : लिखते समय मैंने महसूस करना शुरू किया कि मैं भाई नहीं हूँ। तटस्थ होकर लिखने के लिए ज़रूरी है कि आप अपनी आइडेंटिटी को भूल जाएँ। हम्म। आप जो हैं, वह भूल जाएँ। तो भाई होना भूलना पहला काम था, कि मैं उनका भाई नहीं हूँ। ऐसे ही जैसे तुम लोग आए हो मुझे देख रहे हो, वैसे ही सोचता था कि मैं इसी तरफ़ देख रहा हूँ तुमको। एक बात यह थी मेरे दिमाग़ में, दूसरी बात यह थी कि उनके जीवन को मैं जानता हूँ। हम्म। पूरी तरह से। जैसे उन्होंने एक कविता लिखी है शुरू में… कविता पढ़ी होगी तुम लोगों ने—

“झुपुर-झुपुर धान के खेत में हलर-हलर सुनहला बिहान”

 तो ‘झुपुर-झुपुर’ तो धानों का आपस में टकराना हुआ और ‘हलर-हलर’ जो है, भरा हुआ खेत हुआ, पानी जिसमें हिलोरे लेता हो। यह कैसे लिखा उन्होंने, यह मुझे ध्यान था। ज़िक्र इसका किया नहीं है मैंने?

खुशी : जी, इसमें ज़िक्र नहीं है।

काशीनाथ सिंह : लेकिन अब ‘छनहर’ जानते हो? छनहर क्या चीज़ होती है? छाने जाते हैं बैल वगैरह?

खुशी : जी।

काशीनाथ सिंह : तो गाँव से थोड़ी दूर पर जाड़े के दिनों में… जाड़े नहीं बारिश के दिनों में, दरवाज़ा घर गंदा न करें वह अपने गोबर से या पेशाब से, इस चीज़ को हटाने के लिए दूर पर गाँव के गोइड़े … ‘गोइड़े’ शब्द जानते हो? तो गाँव के गोइड़े की झोपड़ी लगा दी वहाँ, देख-रेख करने के लिए साग-सब्‍ज़‍ियाँ वगैरह रोप दीं। हम्म। और उसके बगल में दूसरा बना देते थे जिसमें घर के बैल, भैंस, गाय छाने जाते थे यानी खूँटे में गाड़े जाते थे। रहते थे वहीं, गोबर-ओबर वहीं करते थे, पेशाब वगैरह करते थे। हम्म। तो…मैं जानता था, उनके लिखने की प्रोसेस को मैं देखा करता था, कैसे लिखते हैं। उनके लिए सबसे मुश्किल होता था पहला वाक्य। पहले वाक्य की खोज में वे पचासों पेज बर्बाद करते थे। यानी वही वाक्य तरह-तरह से पचासों पन्नों में, एक पन्ने में लिखते थे वह वाक्य, संतोष नहीं हुआ, फिर वह पन्ना ही हटा देते थे। उस पर फिर दोबारा नहीं लिखते थे। फिर तीसरा लिया, चौथा लिया, पाँचवा लिया, इस तरह कई दिन चलता था वह एक पन्ना, यानी एक वाक्य कई पन्नों पर, कई महीने भर चलता था। प्रोसेस मैंने देख लिया था, तो प्रोसेस की चर्चा भी उसमें की थी। दूसरे उनसे सुनता था कि लिखते समय जैसे हम-तुम दो भाई हैं घर में, लेकिन बाहर निकलते हैं तो आप अलग कथाकार होते हैं, मैं अलग आलोचक होता हूँ। उस समय मैं भूल जाता हूँ कि आप भाई हैं मेरे। वैसे ही आप भी भूल के लिखिए हमेशा मुझ पर लिखते ही, कि मैं छोटा भाई हूँ उनका। वहाँ न मैं आपको कभी माफ़ करूँगा, न आप मुझे माफ़ करेंगे। अच्छाइयाँ हुईं तो, ख़राबियाँ हुईं तो। यह अक्सर कहा करते थे मुझसे। लोग यही समझते रहे कि हम लोग भाई हैं और हैं, रहे, एक-दूसरे पर जान देने वाले भाई थे। हाँ, लेकिन लिखते समय कभी मैंने याद नहीं रखा कि वे हमारे भाई हैं। मैं आलोचक पर लिख रहा हूँ इतना ध्यान रहता था। उस आलोचक को जानता हूँ जिसे पढ़ चुका हूँ, जिसे सुना है।

खुशी : यह आपके लिए बहुत मुश्किल रहा होगा जब आप एक छोटे भाई के रूप में उनके बारे में लिख रहे थे। तो क्या छोटा भाई  बीच में आ-जा रहा था लेखन के वक्‍़त में या पूरी तरह से अपने आप को आपने तटस्थ, अलग कर लिया था इन चीज़ों से कि नहीं कि मैं उस रूप में खु़द को देखूँगा ही नहीं, मैं सिर्फ़ एक आलोचक की आलोचना करूँगा या आलोचक के बारे में लिखूँगा?

काशीनाथ सिंह : भाई तो आ जाता था कहीं-कहीं। लेकिन मैं उसे बाहर कर देता था।

खुशी : तो यह बहुत मुश्किल रहा होगा उस समय पर लिखना।

काशीनाथ सिंह : मुश्किल तो था, क्योंकि जैसे ही भाई आता था, मैं बंद कर देता था लिखना। लिखना बंद। फिर जब एकदम डिटेच्ड हो जाता था उससे, तब मैं लिखना शुरू करता था।

खुशी : यह जो संस्मरण है ‘घर का जोगी जोगड़ा’ यह केवल नामवर सिंह का संस्मरण है या एक युग और परिवेश का भी दस्तावेज़ ? 

काशीनाथ सिंह : उसमें परिवेश भी तो आया ही है उनके साथ। लेकिन परिवेश को छोड़ दिया था कि मैं कभी फिर लिखूँगा, लेकिन वक्‍़त आया नहीं लिखने का। जैसे मैं मान के चलता हूँ कि जो संवाद, समीक्षा को जो संवाद कहा है, वह कई कारणों से कहा है। जैसे काशी हिन्‍दू विश्वविद्यालय में वैसा अध्यापक आया नहीं कभी। यानी ऐसा अध्यापक जिसे अपनी क्लास छोड़ के लोग सुनने के लिए आएँ, दरवाजों पर खड़े रहें, कुछ खिड़की पर बैठ रहे हैं, तो उन्हें बराबर लगता था कि साहित्य का केवल लिपिबद्ध ही होना साहित्य होना नहीं है। साहित्य कहा जाना चाहिए, जैसे प्रेमचंद की कहानियाँ सुनते हैं लोग, उस तरह आलोचना के बारे में हम बात करें तो सुनें लोग। हम्म। और एक तो क्लास, दूसरे की अपनी आलोचना, अपनी आलोचनात्मक क्षमता को धार देने के लिए, एक सिलौटी होती है, जानते हो?

खुशी : सिलौटी? हाँ, हमने सुना है इसके बारे में।

काशीनाथ सिंह : एक देखा होगा नाई रखता है चाकू… ऐसे-ऐसे-ऐसे-ऐसे… धार करने के लिए, तो तेज़ करता है चाकू को। तो परिमल की गोष्ठियाँ हुआ करती थीं इलाहाबाद में। जो विरोधी विचार के लोग थे, कलावादी लोग थे या भाववादी थे, ये साहित्य को उसकी पूरी संपूर्णता में देखने वाले अकेले आदमी जाते थे। प्रगतिशील थे, मार्क्सवादी थे। जाते थे और इनकी टकराहट होती थी उनसे। जानते थे कि वे असहमत होंगे या हम असहमत होंगे उनकी बातों से। तो उनकी बातें सिलौटी की तरह होती थीं इनके लिए, जिस पर अपनी बुद्धि तेज़ करते थे। यही काम भारत भवन में किया उन्होंने भोपाल में। जो अशोक वाजपेयी ने जो खोल रखा था भारत भवन, वहाँ भी इसी तरह के लोग थे। तो ये लोग सिलौटी थे उनके लिए, जिस पर अपनी धार तेज़ करते थे। उसी से उन्हें लगा कि संवाद तभी हो सकता है जब धार हमारी तेज़ हो। ऐसे क्या बतियाना और कुछ है?

खुशी : क्या आपने इस संस्मरण में जानबूझकर कुछ प्रसंग छोड़े भी हैं? ये जो आपने ‘घर का जोगी जोगड़ा’ लिखा है संस्मरण, इसमें कुछ प्रसंग छोड़े भी हैं?

काशीनाथ सिंह : हाँ, छोड़े हैं।

खुशी : यदि छोड़े हैं तो क्यों?

काशीनाथ सिंह : इस पर आपत्ति खु़द नामवर सिंह ने की थी कि आपको नहीं छोड़ना चाहिए था, लिखना चाहिए था। जैसे एक प्रसंग तो उनके विवाह का ही था। शादी ज़बरदस्ती हुई थी। बच्चा पैदा हो गया, ठीक। पत्‍नी से कभी बातचीत नहीं हो पाती थी, कर नहीं पाते थे, अनपढ़ थी वो। तो इसके लिए अलग से बेकारी के दिनों में जब लगभग साल भर तक थके-माँदे, टूटे आते थे, सो जाते थे, सागर से लौटने के बाद। तो साल भर तक बनारस में बड़ी उपेक्षा का जीवन जिया। उपेक्षा से थककर उन्होंने एक दिन घर के सामने, अपनी माँ के सामने, हमारे सामने, मँझले भाई थे उनके सामने, उन्होंने कहा कि हम दूसरी शादी करना चाहते हैं। माँ से भोजपुरी में कहा कि, ‘माई हम दूसरा बियाह करे चाहत हईं’। माँ ने कहा कि, ‘एक बियाह तो हो चुकल बेटा, बेटा तोहार दर्जा नौ में पढ़त हो, साल-दो साल बाद बनारस आई पढ़े के लिए। अब कइसन बियाह?’ उन्होंने कहा कि, ‘माई हम वकील से बात कर आइल हईं। वकील रास्ता बता देले हो। हम ओ सारा कुछ करे खातिर तैयार हईं’। पत्‍नी को देवता कहते थे वो अपनी। देवता स्त्रीलिंग शब्द है।

खुशी : स्त्रीलिंग शब्द है देवता?

काशीनाथ सिंह : हाँ देवता पुल्लिंग में चलता है और स्त्रीलिंग में भी चलता है। इस बहाने कह सकते हो कि नपुंसक लिंग है। हाँ.. पुरुषों के साथ भी चल जाए और स्त्रियों के साथ भी। तो… उन्होंने कहा मैं सारी ज़िन्दगी देखभाल करूँगा, कपड़ा-लत्ता दूँगा, पैसा जितना देना होगा वह दूँगा। तो पूरी ज़िन्दगी का निर्वाह करूँगा उनकी, लेकिन मैं चाहता हूँ  कि घर के लोग हाँ कर दें। रामजी भैया भी बिगड़े… इतनी इज़्ज़त है, इतना यह है, इतना वह है। लोग क्या कहेंगे? पूरा इलाक़ा जानता है आपको। वे लोग क्या कहेंगे? भैया ने कहा कि देखो, वे लोग 10-15 दिन, 20 दिन, महीने भर बात करेंगे, उसके बाद एक के बाद यही बात तो नहीं रही इन लोगों के पास। भूल जाते हैं लोग। क्या हुआ, क्या नहीं हुआ। तो नामवर सिंह ही तो उनके विषय नहीं रहेंगे सारा जीवन। तो महीने भर लोग बात करेंगे, उसके बाद सब लोग काम करेंगे। छूट जाएँगे। तो देखा भैया ने कि लोग राजी नहीं हो रहे हैं, तो उन्होंने कहा मैं तीन दिन का समय देता हूँ। तीन दिन में आप लोग निर्णय हमको बता दीजिएगा। तीन दिन तक घर में खाना नहीं बना, चाय नहीं बनी। किसी ने खाना नहीं खाया, हमने भी नहीं। पानी छोड़ के घर में कुछ नहीं तीन दिन। तीसरे दिन देखा… अगले दिन पिताजी भी आ गए थे। पिताजी बड़े क्रोध में गए थे उनके यहाँ। क्रोध में जाकर उनसे पता नहीं क्या बात की। वहाँ से पिताजी निकले तो रोते हुए निकले। हम्म। तो यह एक वह प्रसंग था जो छोड़ दिया था मैंने। दूसरा प्रसंग था आया है जो मैंने लिखा नहीं कभी। कहीं कहा भी नहीं इसे। तुम ही लोगों से पहली बार कह रहा हूँ। कि मेरे मन में सवाल है कि नामवर सिंह को रोते हुए मैंने कभी देखा है कि नहीं? यह सवाल मेरे मन में आया और मुझे याद आया कि रोते हुए मैंने देखा, तीन बार देखा मैंने। पहली बार तब देखा जब केदार की बेटी से शादी हुई थी उनके बेटे की। तो रिसेप्शन हो गया। शादी में वे केवल मेहमान की तरह थे, शादी तो मैंने कराई थी। सारा कुछ मैं कराता था। तो रिसेप्शन भी हो गया, तो मुझे ढूँढते हुए रात को 1 :30 बजे आए कि ‘काशी कहाँ पर है?’ खा के सब लोग जा चुके थे। तो जब में मिला तो काशी कह के रोते हुए मुझे पकड़ लिया उन्होंने। कल दोनों बड़े खुश दिखाई पड़ रहे हैं लड़का-लड़की। हाँ, निर्मला बहुत प्रसन्न है, विजय बहुत प्रसन्न है। अपने बेटे से कभी बात नहीं करते थे वे और बहु तो नई-नई आई थी, उससे बात करने का सवाल नहीं था। तो उस दिन देर तक हमको पकड़ के रोते रहे। वह सुख के आँसू थे उनके। कि जो हमारे जीवन में नहीं हो सका, जो मैं नहीं कर सका, वह कम से कम हमारे बेटे ने किया और बेटा खुश है। जो ख़ुशी मुझे नसीब नहीं हुई, वो नसीब हो उस बच्चे को। तो उस बार रोये थे। दूसरी बार रोये थे, जब गीता की शादी हुई। तो गीता की शादी हुई, उसमें गाँव से, घर से कोई नहीं गया था। बुलाया किसी को नहीं था उन्होंने, ख़बर नहीं दी। मैं गया था। श्रीमती जी, जिन्होंने गीता को लगभग अपनी बेटी की तरह पाला-पोसा है, उन्हें भी न्यौता नहीं दिया। न्यौता न देने का मतलब, मना किया उन्होंने कि ना आयें। हम्म। और हमसे कहा कि मँझले भाई रामजी सिंह को लेकर आ जाओ। तो हम गए थे यहाँ से, रामजी सिंह गए थे, हमारे मँझले भाई, और भैया के मित्र थे वक़ील साहब, वो गए थे। तीन लोग गए थे हम लोग। तो शादी तो हो गई। शादी होने के बाद, पवन के साथ गीता जब चली गई, तो वो रह गए थे घर में और भाभी रह गई थीं, भौजी। हम्म। तो भौजी और वह लौट कर शिवालिक गए। वे उम्मीद करते थे कि काशी भी आएँगे। और हमको केदारनाथ जी ने कहा कि चलो, नामवर जी तो दुखी हो गए, हम लोग किसी विजय मोहन सिंह के यहाँ चलते है। विजय मोहन सिंह आलोचक थे हमारे साथ के और हमारे मित्रों में से थे, तो हम लोग विजय मोहन सिंह के यहाँ चले गए। सुना कि रात भर भैया रोये, उस समय बहुत रोये। वे दुःख के आँसू थे उनके। हम्म। गीता के जाने का… तीसरा आँसू, तीसरी बार उनका आँसू था जब भौजी शव यात्रा पर थीं, यानी जलाया जाना था उनका। जलाया जाने वाला था दिल्ली में ही किसी घाट-वाट पर। तो जब पंडा ने कहा कि सिंदूर पहनाया जाए इनको, भौजी के… सधवा मरी थीं। भैया जीवित थे और वो दिवंगत हो गई थीं, तो ऐसी स्थिति में पत्‍नी सधवा के रूप में… और वो सुहागन रही हैं, ये बताने के लिए उसे सिंदूर पहनाया जाता है, लगाया जाता है। तो मैं नहीं था वहाँ दिल्ली में। गीता और दूसरे कुछ लोगों ने कहा कि उस समय भैया की आँखें छलछला आयी थीं। हम्म। लगभग रो से पड़े थे, और ये रहस्य हो सकता है कि ये पश्चाताप के आँसू थे, या किस बात के आँसू थे… इस आँसू के रहस्य को मैं आज तक नहीं जान सका। उनसे कभी पूछा भी नहीं। हम्म। तो ये, इस तरह से कुछ और प्रसंग हैं जिनकी चर्चा मुझे करनी चाहिए थी, मैंने नहीं की है। आँसू वाली बातें, तुम ही लोगों से कर रहे हैं, अभी कहीं कहा नहीं इसे। शादी वाली बात तो मैंने यहाँ पर हुआ था, काशी विश्वविद्यालय में तो मैंने चर्चा की थी, कि मुझे लिखना था और मैंने नहीं लिखा था। और भैया ने बाद में मुझे कहा कि तुमको लिख देना चाहिए था, कोई हर्ज़ नहीं था लिखने में। अभी सवाल हैं तुम्हारे?

खुशी : हाँ, दो प्रश्न और हैं।

काशीनाथ सिंह : वही दो कर लो। ठीक है? ज़्यादा देर नहीं बैठेंगे।

खुशी : मेरा प्रश्न है, यदि आपको नामवर सिंह के व्यक्तित्व को एक वाक्य में परिभाषित करना हो तो आप क्या कहेंगे?

काशीनाथ सिंह : देखो, वह तो जब शादी करके मैं आया था, तो श्रीमती से मैंने कहा था उस समय, कि इन्हें मैं भगवान मानता हूँ और इन्हें कोई तकलीफ़ न हो। इसलिए कहता हूँ कि भगवान किसी का नहीं होता।” उसका कोई रिलेशन भगवान का नहीं होता। ऐसा आदमी मैंने बहुत कम देखा है, नहीं देखा है, लगभग नहीं देखा है नामवर सिंह को। मेरे क़रीब रहे हैं, क़रीबी आदमियों में दुनिया भर के ऐब दिखाई पड़ते हैं। उनमें मैंने इस तरह का कोई ऐब नहीं देखा।

खुशी : आपके अनुसार शोधार्थियों को नामवर जी को समझने के लिए किन पक्षों पर विशेष ध्यान देना चाहिए?

काशीनाथ सिंह : मेरा ख़्याल ये है, कि एक बात की तरफ़ ध्यान नहीं दिया लोगों ने कि जिसे वाचिक परंपरा कहते हैं लोग, ये वाचिक परंपरा उनके दिमाग़ में आई कहाँ से? लोगों के दिमाग़ में कहाँ से आई? देखो, मुझे कभी-कभी लगता है कि उन्हें लगता था कि बोलने से, जैसे लिखने से कहा था कि उन्होंने, लिखने से ज़ुबान कट जाती है, क्या है, कहा हो उनका याद है तुमको? लिखने और बोलने की बात के संदर्भ में उन्होंने कहा है कि लिखने से हाथ कट जाता है ज़ुबान नहीं कटती, कुछ इस तरह का है। हमारा ख़्याल है कि लिखने में बराबर संशोधन करने की ज़रुरत पड़ती है।

खुशी :  हाँ।

काशीनाथ सिंह : और जहाँ तक बोलने का सवाल है, नामवर जी को लिखने से ज़्यादा उन्हें अपनी ज़ुबान पर विश्वास था। मुझे जो लगता है, क्योंकि लिखने के लिए जितनी मेहनत करनी पड़ती थी नोट्स वगैरह लेना पड़ता था जितना, बोलने के लिए भी उतना ही नोट्स लेते थे। लेकिन ये कन्वे हो, कि आलोचना सिर्फ़ पढ़ी न जाए, क्योंकि एक प्रसंग मुझे याद है। कलकत्ते में उषा गांगुली खेल रही थीं, हमारी कहानी पर नाटक किया था उन्होंने ‘काशीनामा’। उसके सौ–सौ शो किए उन्होंने, जर्मनी भी लेके गई थीं। तो जब इसका प्रीमियर हो रहा था, पहली बार कलकत्ते में हुआ, बुद्धदेव भट्टाचार्य भी आए थे मुख्यमंत्री। और भैया को बुलाया था उषा गांगुली ने। उसमें एक बात कही उन्होंने, भैया ने उस समय वहाँ से लौट के जब हम लोग आए, नाटक देख के आए, उसमें बांग्ला के सब थे। जितने एक्टर्स हैं, एक्ट्रेसेस हैं, डायरेक्टर्स हैं, कोरियोग्राफर्स हैं, ये सब थे गए थे देखने के लिए। वहाँ मैंने मृणाल सेन की पत्‍नी को भी देखा, महाश्वेता जी शायद नहीं गई थीं उसमें। लेकिन सब लोग थे। वहां से लौटकर आए, तो उन्होंने कहा मुझसे कहा कि देखो, लौट के आए तो भीड़-भाड़ काफ़ी थी इनके साथ हमारे साथ। सारे लोग चले गए, हम और वह रह गए भारतीय भाषा परिषद् के कमरे में। तो उन्होंने कहा ‘काशी बइठह’। तो हम और वह बैठे वहाँ। उन्होंने कहा कि आचार्य रामचंद्र शुक्ल जीवित इसलिए हैं कि विश्वविद्यालय हैं। ये विश्वविद्यालय रहें या न रहें, प्रेमचंद तब भी जीवित रहेंगे। क्योंकि कॉमन मैन के लेखक थे वो। उन्हें कोई भी पढ़ सकता था। लेकिन शुक्ल जी को पढ़ने के लिए एक आधार चाहिए पहले आप जानते हों थोड़ा बहुत, तब आप शुक्ल जी को समझ सकते हैं। तो ये मज़ाक में कहा उन्होंने कि “आपकी उम्र तो लंबी है, लेकिन हमारी उम्र तभी तक है जब तक ये विश्वविद्यालय है। इसे लंबी किया जा सकता है बोलकर, कि लोग सुन सकें आपको।” तो वह चाहते थे आलोचना सुनाई पड़े, केवल दिखाई या पढ़ी न जाए। अब ख़त्म करो।

खुशी : हाँ, बस हो गया। अंतिम है, अब आप अपनी पसंद की तीन किताबें बताइए और आप फ़िल्म देखते हैं? 

काशीनाथ सिंह : फ़िल्म? इधर नहीं देखता। 

खुशी : अंतिम दफ़ा कब देखी थी? 

काशीनाथ सिंह : अंतिम बार बेटे ने ज़बरदस्ती की थी तो ‘बाहुबली’ मैंने देखी थी।

खुशी : अच्छा, आपकी पसंदीदा तीन फ़िल्में और तीन किताबें, जो हमें पढ़नी चाहिए और तीन फ़िल्में जो हमें देखनी चाहिए। 

काशीनाथ सिंह : ओहो! तुम इस तरह के सवाल पूछोगे मैंने सोचा ही नहीं था। तो तीन किताबें तो मैं बता सकता हूँ। एक तो उपन्यासों में मुझे ‘वार एंड पीस’ टॉल्स्टॉय। दूसरा है जो मैं चाहता हूँ कि पढ़ा जाए, वह है ‘Don Quixote । साहित्य अकादमी ने छापा है इसका अनुवाद, ‘डॉन क्‍व‍िक्सोट ‘ है, स्पेनिश का था ये, ‘डॉन क्‍व‍िक्सोट’। और तीसरा, तीसरा मैं ‘गोदान’ को रखता हूँ। 

खुशी : फ़िल्में सर?

काशीनाथ सिंह : फ़िल्में तो देखो, मेरा जो प्रिय… एक तो ‘श्री 420’। दूसरी फ़िल्म है ‘काग़ज़ के फूल’, गुरु दत्त की फ़िल्म। और तीसरी फ़िल्म ‘तीसरी कसम’।

खुशी : फणीश्वर नाथ रेणु द्वारा लिखी हुई है ‘तीसरी कसम’। 

काशीनाथ सिंह : आशा है कि यह आपके काम आएगा! क्या आप इस बातचीत के बारे में कुछ और जानना चाहते हैं?

खुशी : जी नहीं, बहुत–बहुत धन्यवाद सर!  

*** 

परिचय 

हिन्दू कालेज से स्नातक कर चुकी खुशी मूलत: बिहार की निवासी हैं और आजकल अपनी उच्च कक्षा की पढ़ाई में लगी हुई हैं। वे दिल्ली विश्वविद्यालय के उस पहले बैच की विद्यार्थी हैं जिन्होंने चार वर्ष का स्नातक पाठ्यक्रम किया था । इस दौरान उन्होंने काशीनाथ सिंह के साहित्य पर एक लघु शोध प्रबंध भी लिखा और उनका एक साक्षात्कार लिया। संपर्क– khushichoudhary1118@gmail.com

 

 

 

 
   

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top