अनुनाद

देवेश पथ सारिया के रचना कर्म पर रतन कानावत द्वारा लिया गया उनका साक्षात्‍कार

 

रतन कानावत लेखिका एवं सामाजिक कार्यकर्ता हैं। इन दिनों वह साहित्यकारों की साक्षात्कार शृंखला पर काम कर रही हैं। इसके अंतर्गत वह युवा साहित्यकारों की रचना प्रक्रिया और यात्रा को पाठकों के लिए प्रमुखता से प्रस्तुत कर रही हैं। उसी क्रम में देवेश पथ सारिया से रतन कानावत का साहित्यिक संवाद प्रस्‍तुत है –

 

 

 

रतन कानावत : देवेश जी, आपको याद है कि कविता आपके जीवन में पहली बार कब और किस रूप में आई? क्या कोई ऐसा अनुभव, दृश्य, व्यक्ति या किताब थी, जिसने आपको भीतर से यह महसूस कराया कि आपको लिखना चाहिए?

 

देवेश : कविता मेरे जीवन में अपेक्षाकृत देर से आई हालाँकि दार्शनिक विचार मेरे बचपन से थे। मैं जब 8 साल का था तो सोचता था कि मैं अपनी कुल उम्र का‌ लगभग 10% जी चुका हूँ। जब यह पूरी 100% ख़र्च हो जाएगी, तब मृत्यु होगी और उसके बाद क्या होगा? अस्तित्ववाद के इन प्रश्नों से मैं बचपन से जूझ रहा था ‌लेकिन मुझे नहीं पता था कि इस तरह के विचारों को कविता में ढाला जा सकता है या इस तरह के विचारों वाले लोग दार्शनिक या कवि बन सकते हैं। 

 

मेरी बहन ने जब बी.ए. में इंग्लिश लिटरेचर लिया, तब उसने मुझे अंग्रेज़ी कवियों के बारे में बताया कि वे किस तरह लिखते हैं। मैंने उन कविताओं को नहीं पढ़ा था, सिर्फ़ उनके बारे में अपनी बहन का इंटरप्रिटेशन सुना था। उसकी बातें सुनकर मैं भी थोड़ा-बहुत लिखने लगा, अंग्रेज़ी में ही। हिन्‍दी माध्यम का विद्यार्थी था तो अंग्रेज़ी बहुत अच्छी तरह नहीं आती थी। तब चार लाइन की कविताएँ या सूक्तियाँ लिखता था। उस दौरान मुकम्मल अंग्रेज़ी कविताएँ मैंने बस सात-आठ लिखी होंगी। 

 

तब मैंने दूर-दूर तक नहीं सोचा था कि मैं हिन्‍दी कवि बनूँगा। खगोल विज्ञान में पी.एच-डी के लिए नैनीताल में रहने के दिनों में मैंने ‘शुक्रवार’ पत्रिका पढ़ना शुरू किया जो विष्णु नागर जी के संपादन में निकलती थी। इस पत्रिका का सर्कुलेशन बहुत था और हर अंक में एक कवि की कविताएँ प्रकाशित होती थीं। मैं उन्हीं कवियों को फ़ोन मिला लिया करता था। उन्हीं से बात करते हुए और टिप्स लेते हुए धीरे-धीरे हिन्‍दी कविता लिखना शुरू किया। जब मैंने उस समय अपनी प्रेमिका को बताया कि मैं अब हिन्‍दी में कविताएँ लिखूँगा, अंग्रेज़ी में लिखना छोड़ रहा हूँ तो उसने कहा, “तुम्हें पता भी है कितना कॉम्पीटीशन है हिन्‍दी में? तुम कोई जगह बना पाओगे अपनी?” और मैंने जवाब दिया, “मुझे नहीं पता। मैं बस लिखूँगा, अब से हिन्‍दी में ही।” 

 

एक शाम नैनीताल के बस स्टॉप के बग़ल वाली दुकान पर एक पत्रिका मिली—‘पर्वतांचल’। उस समय जो कविताएँ लिखी थीं, उसमें से एक कविता उन्हीं को भेज दी। तब इतनी भी समझ नहीं थी कि कविता का एक अदद शीर्षक भी होना चाहिए। ‘पर्वतांचल’ के अगले अंक में वह बिना शीर्षक के प्रकाशित भी हो गई। मैं आश्चर्यचकित रह गया। ऐसे लगा जैसे किसी बच्चे ने कोई बीज मिट्टी में गाड़कर छोड़ दिया था और अचानक मिट्टी से अंकुर फूट आया हो।

 

फिर धीरे-धीरे और पढ़ता गया। कई पत्रिकाओं को तो मैं कविताएँ ही इसीलिए भेजता था ताकि उनके संपादक मेरी कविताएँ रिजेक्ट करते हुए मुझे बताएँ कि मुझे क्या सुधार करना चाहिए। कुछ संपादक बताते थे, कुछ नहीं। मैंने बहुत मेहनत की ख़ुद को परिष्कृत करने के लिए। धीरे-धीरे बेहतर पत्रिकाओं में प्रकाशित होने लगा। शुरुआत कुछ ऐसे ही हुई थी, जो काफ़ी देर से थी और धीमी भी।

 

रतन कानावत : आपका संबंध राजस्थान की धरती से है। आपके लिए राजस्थान केवल जन्मभूमि या स्मृति है, या आपकी भाषा, संवेदना और देखने की दृष्टि का भी कोई गहरा हिस्सा वहाँ से आता है?

 

देवेश : मेरे लिए राजस्थान‌ के अलवर जिले में स्थित मेरा क़स्बा राजगढ़ वह जगह है, जिसे मैं भारत में अपना घर कहता हूँ। मैं ताइवान को भी अपना घर कहता हूँ। राजगढ़ की बोली, लोगों और गलियों का बहुत असर है मुझ पर। मेरे बचपन का घर मेरे लिए सबसे सुन्दर जगह है। राजगढ़ की गलियों में साइकिल लेकर घूमते हुए मैंने आत्मसंवाद का हुनर सीखा। किशोरावस्था का एकतरफ़ा प्यार किया। राजगढ़ की बोली दुनिया की सबसे मीठी बोली है। दुनिया देखने की आरंभिक दृष्टि वहीं से आई। वह क़स्बाई दृष्टि थी, क़स्बे के अपने संकुचित संस्कार थे उसमें। इंटरनेट तब तक नहीं आया था और जो थोड़ा बहुत आया भी था, वह केवल बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट देखने के काम आता था। तब ग्लोबलाइजेशन का बहुत असर नहीं था मेरे क़स्बे पर (जो कि अब है)। मैं एक आदर्शवाद में जीता था। उसी के प्रभाव में मैंने अपनी तरफ़ से जितना हो सके, अपनी सोच को सही व्यापक रखने का संघर्ष किया। इसका लाभ मुझे तब हुआ, जब मुझे दुनिया देखने को मिली और मेरी सोच को नया आसमान मिला। तब पता चला कि जातिवाद जैसी चीज़ें कितनी ग़लत और ख़तरनाक हैं। और यह भी कि कोई भी जगह केवल कहने से महान नहीं हो जाती और ना ही केवल उसके इतिहास के दम पर। महान बनने के लिए लगातार सही और प्रयत्नशील होना होता है। सही बने रहना बहुत कठिन है। 

 

रतन कानावत : क्या कवि होना आपके लिए एक साहित्यिक पहचान है या दुनिया को देखने का एक अलग ढंग? क्या आपको लगता है कि कविता लिखने से पहले मनुष्य को एक विशेष तरह से देखना और महसूस करना सीखना पड़ता है?

 

देवेश : मेरे लिए कवि होना मेरे अस्तित्व का एक हिस्सा है। जैसा भी मैं मनुष्य हूँ, जैसा भी मैं जीवन जीता हूँ और जिस तरह मैं दुनिया को देखता हूँ, वह मेरी कविता में आता है। 

 

कविता लिखने के लिए ऑब्जर्वेशन बहुत ज़रूरी है। मुझे लगता है संवेदनशीलता भी उतनी ही ज़रूरी है वरना आप चीज़ों को उस गहराई से महसूस नहीं कर पाऍंगे जिस गहराई में जाकर कविता संभव हो पाती है। दुनिया को देखने का ढंग कविता लिखने में मदद करता है। वह जितना स्वस्थ होगा, अनूठा होगा और लोगों की परवाह करने वाला होगा, कविता उतनी ही निखर जाएगी।

 

रतन कानावत : आपके जीवन में विज्ञान और कविता दोनों साथ-साथ चलते हैं। एक वैज्ञानिक प्रमाण और तर्क की दुनिया में काम करता है, जबकि कवि अक्सर उस चीज़ को पकड़ता है जिसे प्रमाणित करना कठिन होता है। क्या आपके भीतर वैज्ञानिक और कवि कभी एक-दूसरे के विरोध में आते हैं, या दोनों मिलकर आपकी दृष्टि को अधिक व्यापक बनाते हैं?

 

देवेश : ये दोनों ही चीज़ें होती हैं। कई मामलों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण से तर्क-वितर्क करके मैं देख सकता हूँ कि किसी कविता पंक्ति का क्या असर पड़ेगा, उसके कितने संभव मतलब हो सकते हैं। हालाँकि सभी संभव अर्थों तक कवि कभी नहीं पहुँच पाता और कई बातें पाठक ही महसूस कर पाता है, कविता लिखने वाला नहीं। वैज्ञानिक दृष्टिकोण तर्क की कसौटी पर कविता को परखने में मदद करता है। लेकिन कविता भी तो अपनी राह, अपनी तरह चलती है—कभी-कभी कविता ऐसी बातों और सपनों की तरफ़ ले जाती है जो विज्ञान की दृष्टि में संभव या सही नहीं हैं। तब बहुत सोच, विचार कर मुझे उस कविता विशेष के लिए जो सही लगता है, मैं वैसा ही करता हूँ। कविता को कभी-कभी एक यूटोपिया का निर्माण भी आख़िरकार करना होता है। यूटोपिया बहुत मुश्किल या नामुमकिन हो, तो भी कविता की अपनी ज़िद होती है और कवि को उसके सामने झुकना पड़ता है।

 

रतन कानावत : खगोल विज्ञान हमें ब्रह्मांड की विराटता से परिचित कराता है और कविता मनुष्य के भीतर की सूक्ष्मतम संवेदना से। क्या आपको लगता है कि तारों और आकाशगंगाओं को देखने वाला मनुष्य अंततः अपने भीतर के अंधकार और प्रकाश को भी नए ढंग से देखने लगता है?

 

देवेश : ब्रह्मांड हमें यह सिखाता है कि सब कुछ बहुत विस्तृत है और इंसान का वजूद कुछ भी नहीं। और कविता हमें यह सिखाती है कि अंततः है तो हर मनुष्य एक ही मनुष्य। उसे अंतस के इसी सूक्ष्म धरातल पर खड़े होकर ब्रह्मांड को देखना है। अंधकार और प्रकाश हर मनुष्य के भीतर होते हैं, सिर्फ़ अंतरिक्ष का शोध करने वाले कवि के भीतर नहीं या सिर्फ़ कवि के भीतर नहीं। उनकी पड़ताल भी सभी को करनी पड़ती है। कोशिश यही रहनी चाहिए कि बुराई से बचते और लड़ते हुए अच्छाई को वरीयता दी जाए। यह अपने भीतर के मनुष्य को माँजते रहने की सतत प्रक्रिया है। 

 

रतन कानावत : आपके कविता-संग्रह ‘नूह की नाव’ के शीर्षक में एक पूरी सभ्यता, संकट और बचाए जाने की आकांक्षा का बिंब दिखाई देता है। आपके लिए यह ‘नाव’ क्या है—मनुष्य को बचाने वाली उम्मीद, स्मृति, प्रेम, कविता या कुछ और?

 

देवेश : आप देखिए कि तब तक मेरी कविताएँ अच्छी पत्रिकाओं में प्रकाशित तो हो रही थी, लेकिन फिर भी मैं किसी विमर्श विशेष पर केंद्रित कवि नहीं था, अब भी नहीं हूँ। मैं कभी-कभी किसी विमर्श पर कविताएँ लिखता ज़रूर हूँ, लेकिन सिर्फ़ उन विषयों तक सीमित नहीं रहता। इसलिए पहले कविता संग्रह के प्रकाशन के लिए उस तरह की बैकिंग मिलना मुश्किल था जो विमर्श आधारित युवा कवियों को मिल जाती है। मैं सभी धर्मों का सम्मान करने वाला आस्तिक व्यक्ति हूँ। कई धर्मों के पूजा स्थलों में जा चुका हूँ, वहाँ प्रार्थना कर चुका हूँ। उन दिनों मैंने कुरान पाक और श्रीमद्भागवत गीता पढ़ी थीं। हज़रत नूह द्वारा मनुष्यता को बचाने वाली घटना ने मुझे प्रभावित किया। उसी बिंब को आधार लेकर मैंने अपने कविता संग्रह का नाम रखा। यह मनुष्यता को बचाने वाली प्रार्थना थी और अपनी कविता यात्रा के हित में की गई एक प्रार्थना भी।

 

रतन कानावत : आपकी कविताओं में व्यक्तिगत अनुभवों के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक यथार्थ भी दिखाई देता है। क्या कविता आपके लिए संकट के समय प्रतिरोध का माध्यम है या वह मनुष्य के भीतर बची हुई उम्मीद को सुरक्षित रखने का प्रयास भी है?

 

देवेश : मेरी कविता राजनीति पर एक नारे की तरह चोट नहीं करती, बल्कि आम आदमी को आधार बनाकर अपनी बात कहती है।‌ अपनी विचारधारा के बारे में फ़िलहाल जो शब्द मुझे सही लगते हैं, वे यह हैं कि आप मुझे ‘मानवतावादी लिबरल’ कह सकते हैं। एक मनुष्य मात्र के संघर्ष और दुख को आवाज़ देने का काम मैं अपनी कविता के माध्यम से करता हूँ। कई बार उसमें उम्मीद दिखाई देती है और कई बार कहीं कोई उम्मीद होती ही नहीं, बस एक व्यथा होती है जिसे कविता में कहना होता है। जैसे मेरी एक कविता है ‘उस शहर का रंगरेज़ केवल काला रंग ख़रीदता है’ जिसमें व्यथा है। उस व्यथा को दूर करने का उपाय राजनीतिक सत्ता के हाथ में है। लेकिन क्या वह ऐसा करेंगे? किसी कवि के कहने से? यहाँ नारे के रूप में अपनी बात कहने वाले कवि महत्वपूर्ण हो जाते हैं क्योंकि कम से कम वे जन आंदोलनों को एक नारा तो दे रहे हैं। मेरे जैसे कवि सिगड़ी की धीमी आँच की तरह अपना काम करते हैं। हर कवि की अपनी-अपनी भूमिका है। 

 

रतन कानावत : आपकी पुस्तक ‘अदृश्य आत्मीय की टोह में’ का शीर्षक अपने आप में बहुत आत्मीय और रहस्यमय है। यह ‘अदृश्य आत्मीय’ कौन है—कोई व्यक्ति, स्मृति, पाठक, प्रेम, खोया हुआ संबंध या कविता स्वयं?

 

देवेश : इस कविता संग्रह में पिछले कई वर्षों के दौरान लिखी गई कविताएँ शामिल की गईं। लेकिन जब यह पांडुलिपि तैयार की गई और शीर्षक पर बात आई तो मैं उस स्थिति में था जहाँ मैंने ताइवान को खो दिया था, राजगढ़ को खो दिया था। और भी बहुत कुछ था जो पीछे छूट रहा था। यह सब निजी क्षति थी। तो इस कविता संग्रह का शीर्षक आत्मीयता की भूख को दर्शाता है। लेकिन आत्मीय कहीं नज़र नहीं आ रहा है। मेरा कवि एक मनुष्य (जो मेरी कविता का ‘मैं’ भी हो सकता है) की बात करते हुए उसे सबसे जोड़ देता है। इस दौर में क्या हम सभी एक अदद आत्मीय की तलाश में नहीं हैं? आत्मीय जो अदृश्य है? यदि ठीक से देखें तो पहले कविता संग्रह के शीर्षक की तरह इस कविता संग्रह का शीर्षक भी एक प्रार्थना है। हालाँकि आने वाले (तीसरे) कविता संग्रह का शीर्षक प्रार्थना नहीं है। 

 

रतन कानावत : आज के समय में हम तकनीक के माध्यम से पहले से अधिक जुड़े हुए हैं, लेकिन क्या वास्तव में हमारे बीच आत्मीयता कम हो रही है? क्या कविता उस खोती हुई आत्मीयता की तलाश है?

 

देवेश : संपर्क जितना आसान हुआ है, उतनी ही चीज़ों को फॉर ग्रांटेड लेने की प्रवृत्ति में भी बढ़ोतरी हुई है। पहले लोग पत्रों को भी संभाल कर रखते थे, अब ऐसी किसी डोर को संभालना मुश्किल होता जा रहा है। अविश्वास बढ़ता जा रहा है। कोई कब आपको सदा के लिए ब्लॉक कर देगा या सदा के लिए मौन हो जाएगा, आप कह नहीं सकते। 

 

कविता में आप आत्मीयता को परिभाषित कर सकते हैं, खोए हुए रिश्तों पर अफ़सोस ज़ाहिर कर सकते हैं। लेकिन आत्मीयता की तलाश आपको कविता से बाहर वास्तविक दुनिया में ही करनी होगी। हाँ, वहाँ वही चुनौती है, कभी भी चीज़ों के गुम हो जाने की। इसलिए अब धीरे-धीरे लोग एआई से दोस्ती को भी प्राथमिकता देने लगे हैं। जाने कितनी एआई एप्लीकेशन आई है जो दोस्ती और प्रेम उपलब्ध कराती हैं। इनमें से एक एप्लीकेशन के तो एक करोड़ से अधिक डाउनलोड हो चुके हैं। मानवीय रिश्तों का इस कदर क्षरण हुआ है कि लोग ऐसे रिश्तों में जुड़ रहे हैं, जिनके पीछे कोई इंसान है ही नहीं क्योंकि वहाँ खो देने का डर नहीं है। आने वाले वर्षों में एआई से यह मित्रता और सुदृढ़ हो जाएगी। 

 

रतन कानावत : जब कोई भारतीय लंबे समय तक विदेश में रहता है, तो क्या वह अपने देश को अधिक गहराई से समझने लगता है, या धीरे-धीरे वह दो संस्कृतियों के बीच एक ऐसी जगह खड़ा हो जाता है जहाँ किसी एक को पूरी तरह अपना कहना संभव नहीं रहता?

 

देवेश : हर प्रवासी के साथ ऐसा नहीं होता। हर व्यक्ति अलग होता है और उसकी मनोदशा भी अलग होती है। जब मैं ताइवान गया था तो भारत को बेहद शिद्दत से याद करता था। धीरे-धीरे मुझे ताइवान अपना-सा लगने लगा। इसके पीछे एक कारण तो यही था कि वहाँ सोशल स्मार्टनेस या चालाकी को समाज में उठते-बैठते समय उपयोगी गुण समझने वाली भारतीय फ़ितरत मौजूद नहीं थी। एक व्यक्ति सीधा-सच्चा होकर भी सम्मान से रह सकता था और इस बात का इत्मीनान रख सकता था कि उसे अपनी सच्चाई के कारण कमज़ोर नहीं माना जाएगा। अब जब मैं ताइवान से लौट आया हूँ तो मैं अपनी राष्ट्रीयता की पहचान के मुद्दे से जूझ रहा हूँ। देह की अपनी राष्ट्रीयता होती है और मन की अपनी अलग राष्ट्रीयता जिसे कोई सरकार नियंत्रित नहीं कर सकती। यह भावना मेरी इधर की कई कविताओं में दिखाई भी देती है।

 

रतन कानावत : आपकी ताइवान डायरी ‘छोटी आँखों की पुतलियों में’ के संदर्भ में—क्या डायरी लिखना आपके लिए किसी देश को बाहर से देखने की प्रक्रिया थी या वहाँ रहते हुए अपने भीतर को भी देखने की?

 

देवेश : प्रवास की शुरुआत में जो आपका अब तक का जीवन रहा है, उसके आधार पर अपने भीतर जो संस्कार आप लेकर गए हैं, उनसे उस दूसरे देश को देखते हैं। जब आप वहाँ के समाज को जान लेते हैं तो आप इसका उल्टा करने लगते हैं। उस देश का ‘फ्रेम आफ रिफरेंस’ लेकर आप अपने भीतर की पहचान और विचार को पुनर्परिभाषित करते हैं। ऐसा ही होना भी चाहिए। कोई भी संबंध भले ही वह किसी व्यक्ति से हो या किसी नए देश से, आपको बेहतर मनुष्य बनने की ओर प्रेरित कर सके। एक इंसान के तौर पर आपकी सोच का ग्राफ़ ऊपर जाना चाहिए, एक बेहतर मनुष्य बनने की ओर—मेरी एक कविता में एक पंक्ति भी है जो कहती है कि हे ईश्वर, मुझे उनसे मिला जो दुआ से पहले क्षमा माँगते हैं। 

 

रतन कानावत : आपने अनुवाद का महत्वपूर्ण काम किया है। जब आप किसी दूसरी भाषा के साहित्य को हिन्‍दी में लाते हैं, तो क्या आपको लगता है कि आप केवल भाषा का अनुवाद कर रहे होते हैं या एक पूरी संस्कृति, संवेदना और जीवन-दृष्टि को भी हिन्‍दी में स्थान दे रहे होते हैं?

 

देवेश : एक अच्छे अनुवादक को अनुवाद करने से पहले उस कवि के परिवेश को भली-भाँति जानने-समझने की कोशिश करनी चाहिए। अनुवाद में आप जीवन दृष्टि और संवेदना ला सकते हैं, लेकिन जहाँ बात उस देश की स्थानीय संस्कृति की होती है और जो कवि अपने लोक में गहराई से पैवस्त होते हैं, उनका अनुवाद करना बहुत मुश्किल होता है। जैसे हिन्‍दी के कुछ मुहावरे दूसरी भाषाओं में अनुवाद करने पर धार खो देते हैं, वैसा ही दूसरी भाषाओं का अनुवाद करते समय होता है। यह किसी एक भाषा के साथ नहीं है या केवल एक देश की कविता के साथ नहीं होता, हर देश और हर भाषा की कविता के साथ होता है। मैंने हाल में ताइवानी कवियों का जो अनुवाद किया है (‘सपने बुनता फॉरमोसा’ शीर्षक पुस्तक)‌। इस संग्रह (Anthology) की कविताएँ ताइवान में रहने के अनुभव के बिना मुझे शायद अनुवाद के क़ाबिल नहीं लगतीं, रूखी-सी लगतीं। लेकिन चूँकि मैं वहाँ रह चुका हूँ और उन कविताओं के कीमिया को समझता हूँ तो मेरे लिए उन कविताओं में रस था। मैंने कोशिश भी यही की है कि वही रस हिन्‍दी अनुवाद में भी आ सके।

 

रतन कानावत : क्या अनुवाद करते हुए दूसरे लेखकों के साथ गहरे समय बिताने का असर आपके अपने लेखन पर भी पड़ता है? क्या कभी किसी दूसरे लेखक की भाषा या दृष्टि ने आपको अपनी कविता को नए ढंग से देखने के लिए प्रेरित किया?

 

देवेश : कोई भी कवि कभी भी पूरी तरह दूसरे कवियों के प्रभाव से शत प्रतिशत मुक्त नहीं हो पाता। यदि आप अनुवाद करते हैं तो उसका प्रभाव भी आपकी कविताओं पर पड़ता है। ‌ताइवानी कवियों का अनुवाद करने से ताइवान को देखने, समझने की एक दृष्टि मिली। चीनी और ताइवानी कविताओं में प्रकृति को देखने की दृष्टि बहुत नैसर्गिक है। नागरी भारतीय कवियों के लिए प्रकृति एक लग्जरी बन रही है जिसका सामीप्य आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता।‌ आप कह सकते हैं कि एशियाई कविताओं का अनुवाद करते समय प्रकृति को मैं बेहतर तरीके से समझ पाया। इसी तरह और भी उदाहरण दिए जा सकते हैं। जैसे एक पाकिस्तानी लड़की (मलाइका राय) की कविताएँ गोल चक्कर पर प्रकाशित हुईं (जिनका लिप्यंतरण मैंने नहीं किया था) लेकिन उन कविताओं को पढ़ते हुए लगा कि स्त्रियों के बारे में इस तरह से लिखा जाए तो पाठक को कुछ नया पढ़ने को मिलेगा। वैसा कुछ मैंने लिखा नहीं है, लेकिन ये सब पढ़ी हुई बातें अवचेतन में बनी रहती हैं। लिखते समय जाने-अनजाने उनका असर पड़ सकता है।

 

रतन कानावत : आपकी कविताओं के विभिन्न भारतीय और विदेशी भाषाओं में अनुवाद हुए हैं। जब आपकी कविता दूसरी भाषा में जाती है, तो क्या आपको लगता है कि वह अपनी मूल सांस्कृतिक स्मृति का कुछ हिस्सा खो देती है या अनुवाद उसे नए पाठकों और नए अनुभवों तक पहुँचाकर उसका संसार और बड़ा कर देता है?

 

देवेश : जैसा कि मैंने पहले कहा कि अनुवाद में कुछ न कुछ छीजत तो होती ही है। मेरी हिन्‍दी कविताएँ भी जब दूसरी भाषाओं में अनूदित होती हैं तो अपनी आत्मा का कुछ हिस्सा खो देती हैं। कविता के सामने पाठकों की संख्या की चुनौती है और वह हर भाषा में है। मैं नहीं जानता कि मेरी अनूदित कविताएँ उस भाषा के कितने पाठकों तक पहुँची होंगी और उनका संसार कितना विस्तृत हुआ होगा। कवि के तौर पर मैं अभी अपनी यात्रा के उस मुक़ाम पर भी नहीं हूँ कि मैं बता सकूँ कि हिन्‍दी में मेरा पाठकीय संसार कितना विस्तृत है। हम बस अपना काम करते रह सकते हैं और यदि हमारी रचनाओं का अनुवाद होता है तो अच्छी बात है। ‌हमारा रचना कर्म कहाँ तक, कितना और कब पहुँचेगा, यह हमारे हाथ में नहीं है।

 

रतन कानावत : आपकी कई कविताओं में प्रेम और स्त्री को देखने की एक संवेदनशील दृष्टि दिखाई देती है। आपके लिए प्रेम केवल निजी अनुभव है या वह मनुष्य को दूसरे मनुष्य की स्वतंत्रता, अस्मिता और अकेलेपन को समझने की क्षमता भी देता है?

 

देवेश : प्रेम एक अद्भुत शय है जिसका आरंभ निज से होता है और यदि उसे शब्दों में ढाल दिया जाए तो वह ‌सार्वभौमिक बन जाता है। बहुत अच्छी प्रेम कविताएँ सिर्फ़ इसलिए अच्छी प्रेम कविताएँ हैं क्योंकि उन्होंने निजी अनुभूति को बहुत सुंदरता से कहा है, न कि कोई बड़ा साहित्यिक लक्ष्य पाने की कोशिश की है।‌ जब कोई प्रेम कविता अपने आप पाठकों को जुड़ाव महसूस कराती है, तो वह उनके भीतर के मनुष्य को और कोमल करती है। विरह की कविताएँ लोगों के अपने अकेलेपन की कविताएँ बन जाती हैं। ‌अपने स्वाभिमान को पहचानने की प्रवृत्ति प्रेम पाने की अभिलाषा से आरंभ हो सकती है (यह बात विरोधाभासी लग सकती है मगर है नहीं)। ‌प्रेम एक क्रांति को भी जन्म दे सकता है। ‌हाल ही में मैंने एक कविता का अनुवाद किया है, जिसमें प्रदर्शन कर रही ‌स्त्रियाँ कहती हैं—“हमें रोटी चाहिए और गुलाब भी”—जहाँ गुलाब प्रेम का प्रतीक है।

 

रतन कानावत : आपने कविता के साथ कहानी भी लिखी। ‘स्टिंकी टोफू’ की ओर जाते हुए आपके भीतर क्या बदला? क्या कुछ अनुभव ऐसे थे जिन्हें कविता में कहना संभव नहीं था और कहानी का रूप माँगते थे?

 

देवेश : कहानी मेरी प्राथमिक विधा नहीं है, वह मेरी द्वितीयक विधा भी नहीं है। जब मैं किसी बात को कविता में नहीं कह पाता तो उसे संस्मरण या डायरी में कहने की कोशिश करता हूँ। मेरे पास कुछ ऐसे प्रसंग थे, जिनमें कुछ मिसिंग पॉइंट्स थे, जिन्हें स्मृति से नहीं भरा जा सकता था तो उनमें कल्पना का मिश्रण करके कहानियाँ लिखीं। कभी-कभी मैं अपनी कविताओं में भी कल्पना का सहारा लेता हूँ। मैं इतना अच्छा फिक्शन लेखक नहीं हूँ कि पूरी तरह हवा से उठाकर एक कहानी लिख सकूँ। आम लोगों के लिए फिक्शन का सबसे अच्छा और बहुपठित उदाहरण हैरी पॉटर की कहानी हो सकती है। आप उसे बस बच्चों की कहानी मत समझिए। वह बहुत कमाल का फिक्शन है। फिक्शन के बारे में मैं बहुत विस्तार से नहीं कह सकता क्योंकि मैं फिक्शन अन्य विधाओं की तुलना में कम पढ़ता हूँ। 

 

रतन कानावत : कविता में भाषा अत्यंत संक्षिप्त और सघन होती है, जबकि कहानी और गद्य में पात्रों और परिस्थितियों को विस्तार मिलता है। क्या गद्य लिखते हुए आपको अपने कवि को पीछे रखना पड़ता है या वही कवि आपके गद्य की भाषा को भीतर से संचालित करता रहता है?

 

देवेश : कवियों के गद्य की अपनी ख़ूबसूरती होती है और अपनी सीमाएँ भी। किसी भी विधा में लिखते समय उस विधा के अनुशासन को ठीक से समझना होता है। ठीक है, आप कितनी भी कोशिश करें, यदि आप कवि हैं तो आपका कवि कहीं ना कहीं आपके गद्य में नज़र आ ही जाएगा। एक कवि को यूँ ही गद्य लिखना शुरू नहीं कर देना चाहिए, बल्कि उसे सीखना चाहिए कि कथा में पात्रों की वैचारिकी को स्वायत्तता दे और परिस्थितियों को विस्तार दे (जो कि कथेतर गद्य में भी करना होता है)। गद्य लिखने के बाद जब आप वापस कविता पर लौटते हैं, तो एक नई चुनौती सामने आती है कि एक बीज वक्तव्य कैसे दिया जाए। इसलिए नए कवियों को कहानी लिखने से बचना चाहिए। एक ही विधा को ठीक से साधने में दशकों लग जाते हैं। बहुत सोच-विचार के बाद मैंने इसी वजह से कहानी लिखना बहुत कम कर दिया है। हालाँकि कथेतर गद्य अब भी लिखता हूँ।  

 

रतन कानावत : 2023 में भारतभूषण अग्रवाल पुरस्कार से सम्मानित होना आपके लिए व्यक्तिगत और साहित्यिक रूप से क्या अर्थ रखता है? क्या किसी प्रतिष्ठित सम्मान के बाद लेखक अपने लेखन को लेकर अधिक सजग हो जाता है या पुरस्कार के बाद भी भीतर का लेखक उसी असुरक्षा और बेचैनी के साथ लिखता है?

 

देवेश : हज़ारों हिन्‍दी कवि एक ही समय में सक्रिय होते हैं। सैकड़ों नए युवा कवि हर साल अपनी पहचान बनाने की कोशिश करते हैं। हर किसी की अपनी यात्रा होती है। पुरस्कार सबके हिस्से में नहीं आते तो क्या उनकी यात्रा जारी नहीं रहती? सबको अपनी यात्रा करते समय मनन करना होता है और अपने लेखन के प्रति अधिक ज़िम्मेदार और सजग होना होता है। आप कितनी भी अच्छी कविताएँ लिख चुके हों, लेकिन नई कविता लिखते समय हर बार एक नई चुनौती आपके सामने होती है। पुरस्कार वगैरह से इस प्रक्रिया पर कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता। ‌पुरस्कार से यदि किसी को घमंड हो जाए तो हो सकता है कि वह सहज मासूमियत खो बैठे। ऐसे में पुरस्कार कवि की हत्या करने का काम कर सकता है।

 

मेरा अनुभव तो यही कहता है कि पुरस्कार से फ़र्क़ सिर्फ़ बाहरी तौर पर पड़ता है। लोग आपका नाम जान जाते हैं। पत्रिकाओं में प्रकाशित होने के लिए संघर्ष कम हो जाता है। हालाँकि प्रकाशकों के यहाँ संघर्ष उतना कम नहीं होता जब तक कि आप किसी विमर्श या खेमे के कवि न हों। 

 

‘नूह की नाव’ और ‘छोटी आँखों की पुतलियों में’ की पांडुलिपियाँ हिन्‍दी के बड़े प्रकाशकों ने अस्वीकृत कर दी थीं। जबकि इनमें से पहली किताब को भारतभूषण अग्रवाल पुरस्कार मिला और दूसरी किताब मेरी उम्मीद से कहीं अधिक चर्चित हुई। पुरस्कार मिलने के बाद उन जगहों से वैसा तिरस्कार तो नहीं हुआ। और ईमानदारी से कह रहा हूँ कि यह अच्छी बात नहीं है कि अनेक साहित्यिक सत्ताधीश रचना की गुणवत्ता से अधिक पुरस्कार को महत्व देते हैं।

 

रतन कानावत : देवेश जी, आपने विज्ञान में ब्रह्मांड को समझने की कोशिश की, प्रवास में अलग-अलग संस्कृतियों को देखा, अनुवाद के माध्यम से दूसरी भाषाओं और लेखकों के संसार में प्रवेश किया और कविता में मनुष्य के भीतर की दुनिया को शब्द दिए।

 

इन सब अनुभवों के बाद मैं आपसे जानना चाहूँगी—आपके लिए कविता आख़‍िर बचाती क्या है—मनुष्य को, उसकी स्मृति को, उसके प्रेम को, उसकी भाषा को या उस उम्मीद को कि इस दुनिया में अब भी एक मनुष्य दूसरे मनुष्य को समझ सकता है?

 

देवेश : यह कविता पर निर्भर करता है कि वह किसे बचाएगी। एक लोकधर्मी कविता धूमिल होती संस्कृति को बचाती है। स्त्रियों, दलितों और अल्पसंख्यकों के लिए लिखी गई कविताएँ उनके स्वाभिमान और अधिकारों को बचाती हैं। प्रेम कविताएँ स्मृति को बचाती हैं और एक सुंदर दुनिया में यक़ीन मज़बूत करती हैं। निजी अनुभव से कहूँ तो कभी-कभी कविता ख़ुद कवि को भी बचाती है। 

 

कविता एक हारे हुए मनुष्य से कहती है—इस हार को शब्द दो, उम्मीद मत खो और फिर से लड़ना शुरू करो। 

*** 

 

देवेश पथ सारिया का परिचय

 

प्रकाशित पुस्तकें :

कविता संकलन :  अदृश्य आत्मीय की टोह में  (2025), नूह की नाव (2022)।

कहानी संग्रह : स्टिंकी टोफू (2025) ।

कथेतर गद्य : छोटी आँखों की पुतलियों में (ताइवान डायरी, 2022)।

अनुवाद : सपने बुनता फॉरमोसा : ताइवानी कविताएँ (2026), यातना शिविर में साथिनें (2023)।

अन्य भाषाओं  में पुस्तकें : A Toast to Winter Solstice (अंग्रेज़ी अनुवाद : शिवम तोमर, 2023) ।

रचना अनुवाद : देवेश की रचनाओं के अनुवाद अंग्रेज़ी, मंदारिन‌ (चीनी), स्पेनिश, रूसी, अरबी, ताइवानी, नेपाली, उर्दू, बांग्ला, मराठी, पंजाबी, असमिया, भोजपुरी, राजस्थानी, हरियाणवी, गढ़वाली और कुमाऊँनी में हुए हैं।

पुरस्कार : भारतभूषण अग्रवाल पुरस्कार (2023), स्नेहमयी चौधरी सम्मान (2025)। 

विशेष :

1. ताइवान के संस्कृति मंत्रालय की योजना के अंतर्गत ‘फॉरमोसा टीवी‘ पर कविता पाठ (2022)।

2. काओशोंग वर्ल्ड पोएट्री फेस्टिवल (2023), ताइवान में शिरकत।

3. रज़ा न्यास के ‘आज कविता’ कार्यक्रम में कविता पाठ (2025)।

सम्पादन : गोल चक्कर वेब पत्रिका (www.golchakkar.org)

फ़ोन : 9784972672 ईमेल : deveshpath@gmail.com 

*** 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top